सीहोर। यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले बाइक सवारों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान में तीन बुलेट चालकों पर कार्रवाई की गई.
यातायात प्रभारी सूबेदार बृजमोहन धाकड़ के नेतृत्व में टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान ऐसे तीन बाइक सवारों को रोका, जिन्होंने बुलेट में मॉडिफाइड साइलेंसर लगवा रखे थे. ये साइलेंसर तेज और पटाखों जैसी आवाज निकाल रहे थे, जिससे ध्वनि प्रदूषण के साथ लोगों को परेशानी हो रही थी. पुलिस ने चालानी कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर निकलवाए. गौरतलब है कि शहर में कुछ अतिउत्साही युवकों द्वारा कोतवाली से चाणक्यपुरी तक और मुख्य मार्गों पर स्टंटबाजी करने तथा बुलेट से पटाखों जैसी आवाज निकालने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही हैं. इस तरह की हरकतों से राहगीरों,खासकर महिलाओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है.
मामले में यातायात प्रभारी धाकड़ ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. स्टंट करने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
