
शाजापुर।जिला लगातार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है। मई और जून 2025 में जिले ने 55 जिलों में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कलेक्टर ऋजु बाफना को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई समीक्षा बैठक में बधाई दी। सीएम ने कहा कि यह जनता की समस्याओं के प्रति गंभीरता और प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
जिले में प्रतिदिन औसतन 150 से अधिक शिकायतें सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज होती हैं, जिनमें से लगभग 90 प्रतिशत शिकायतों का समाधान समयसीमा में किया जाता है। हर महीने करीब 5 हजार शिकायतों का निराकरण किया जाता है। पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, विद्युत मंडल, नगर पंचायत जैसे प्रमुख विभागों की शिकायतें तेजी से निपटाई जाती हैं।
इस सफलता का श्रेय कलेक्टर ऋजु बाफना के कुशल नेतृत्व को जाता है, जो सभी विभागों से समन्वय बनाकर शिकायतों के समाधान को प्राथमिकता देती हैं। बी श्रेणी में आने वाला शाजापुर जिला पूरे प्रदेश में भी निराकरण में प्रथम रहा है, जो जिला प्रशासन की संवेदनशीलता और कार्यकुशलता को दर्शाता है।
