जबलपुर: खितौला स्थित इसाफ स्माल फाइनेंस बैंक में 11 अगस्त को डकैती डालने वाले डकैतों की तलाश में पांच टीमें छापेमारी कर रही है। टीमों ने दिल्ली, राजस्थान, बिहार, यूपी, झारखंड में दबिश दी हैं, जहां संभावित ठिकानों पर जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही डकैत पुलिस गिरफ्त में होंगे। इसके पूर्व पुलिस मास्टरमाइंड समेत चार मद्दगारों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
विदित हो कि खितौला स्थित इसाफ स्माल फाइनेंस बैंक में 11 अगस्त को पांच डकैत घुसे थे जो 14 किलो 875 ग्राम सोना और 5, लाख 8 हजार रूपए लूटकर ले गए थे। पुलिस ने अज्ञात डकैतों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। जांच पड़ताल की तो यह बात सामने आई कि डकैत पाटन थाना अंतर्गत इंद्राना में एक किराए के मकान में रूके थे जहां रहते हुए उन्होंने रैकी के बाद वारदात की थी। मामले मेें 10 से अधिक टीमें गठित हुई।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों, सीसीटीव्ही फुटेज और तकनीकी साक्ष्य के जरिए मास्टरमाइंड रहीस लोधी और मद्दगार सोनू बर्मन, हेमराज और विकास चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया गया था। जिनके कब्जे से लूटी गई रकम में से 1 लाख 83 हजार रूपए नगद, एक कट्टा ,चार कारतूस दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल व अन्य सामग्रियां जप्त किया गया था। जांच में यह बात सामने आई कि वारदात के बाद डकैत कटनी पहुंचे थे, जहां झारखंड जाने वाली ट्रेन में बैठकर फरार हो गए थे। पुलिस अब मास्टरमाइंड के करीबी बब्लू समेत डकैतों की तलाश में है। पांच टीमें गठित की गई है जो छापेमारी कर रही हैं।
