ग्वालियर: ग्वालियर व्यापार मेला व्यापारी संघ के पदाधिकारी एवं सदस्यगण ने व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल एवं संयुक्त अध्यक्ष, प्रवक्ता अनिल पुनियानी के नेतृत्व में मेला व्यापारी संघ के सचिव एसके त्रिपाठी को ज्ञापन भेंटकर इस बात पर रोष जताया कि प्राधिकरण द्वारा बनाए मेला पोर्टल पर वर्ष 2024 तक के मेला में दुकानें लगाने वाले तमाम दुकानदारों की दुकानों को आज दिनांक तक दर्ज नहीं किया गया है।
जबकि मेला प्राधिकरण ने पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि आज शुक्रवार, 21 नवंबर निर्धारित कर रखी है। इस कारण इन स्थायी एवं पुराने दुकानदारों के अपनी दुकानों से वंचित होने का खतरा मंडरा रहा है। मेला व्यापारी संघ ने आशंका जताई कि आज अंतिम तिथि के दिन सर्वर डाउन रहने, बिजली गुल रहने या अन्य कोई असुविधा उत्पन्न हो सकती है, इसलिए तत्काल ही वर्ष 2024 के मेला में दुकान, शोरूम एवं कच्ची पक्की भूमि पर लगाने वाले सभी दुकानदारों की दुकानें दर्ज करा दी जाएं ताकि दुकानदारों के साथ अन्याय नहीं हो और सभी दुकानदार, पक्की भूमि गुमठी वाले दुकानदार इस बार 2025, 26 के मेला के लिए तत्काल ऑनलाइन पेमेंट जमा कर अपनी दुकानें एवं शोरूम लगाने की तैयारी प्रारंभ कर सकें।
उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों एवं पक्की जमीन वाले व्यापारियों की दुकानें अभी तक पोर्टल पर दर्ज नहीं की गई है, वे असमंजश में फंसे हुए हैं। ज्ञापन भेंट करने वालों में मेला व्यापारी संघ, ग्वालियर के अध्यक्ष महेन्द्र भदकारिया, सचिव महेश मुदगल, अनिल पुनियानी संयुक्त अध्यक्ष एवं प्रवक्ता, उमेश उप्पल संयोजक, जगदीश उपाध्याय सह अध्यक्ष, अनुज गुर्जर, कार्य. अध्यक्ष, हरिकांत समाधिया, संतोष उपाध्याय ऑटोमोबाइल सेक्टर आदि प्रमुख थे।
