
नई दिल्ली, 21 नवंबर 2025: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर, इन दिनों भारत के एक हाई-प्रोफाइल दौरे पर हैं। उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत आगरा से की, जहाँ उन्होंने कड़ी सुरक्षा के बीच ताजमहल का दीदार किया और इसकी वास्तुकला में गहरी दिलचस्पी दिखाई। ट्रंप जूनियर ने यहाँ की मशहूर ‘डायना बेंच’ पर बैठकर तस्वीरें भी खिंचवाईं। सुरक्षा के लिए अमेरिकी सुरक्षाकर्मियों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ (CISF) के जवान भी तैनात थे।
जामनगर में बने अनंत अंबानी के खास मेहमान
ताजमहल का दौरा करने के बाद, ट्रंप जूनियर का काफिला सीधे गुजरात के जामनगर पहुंचा। यहाँ वह रिलायंस इंडस्ट्रीज के निदेशक अनंत अंबानी के खास मेहमान बनकर आए थे। उन्होंने अनंत अंबानी के ड्रीम प्रोजेक्ट, ‘वनतारा’ (Vantara) वाइल्डलाइफ रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर का दौरा किया और प्रकृति के प्रति अंबानी परिवार के समर्पण को करीब से देखा। उन्होंने वनतारा की यात्रा के बाद परिसर के पास स्थित कुछ मंदिरों में भी दर्शन किए।
उदयपुर की रॉयल वेडिंग में होंगे शामिल
ट्रंप जूनियर का अगला पड़ाव राजस्थान का उदयपुर है, जहाँ वह एक बहुत ही खास और हाई-प्रोफाइल डेस्टिनेशन वेडिंग में शामिल होंगे। यह शादी दक्षिणी भारत के एक बड़े व्यवसायी राजू मंटेना के बेटे की है, जो ट्रंप के काफी करीबी माने जाते हैं। 21 और 22 नवंबर को होने वाली इस ग्रैंड वेडिंग के लिए जग मंदिर पैलेस और सिटी पैलेस को सजाया गया है। उनकी सुरक्षा के लिए अमेरिकी सीक्रेट सर्विस की टीम पहले ही उदयपुर पहुँच चुकी है।
