कुआलालंपुर (मलेशिया), 26 सितंबर (वार्ता) स्पेशल ओलंपिक एशिया पैसिफिक बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025 में भारतीय टीम ने 10 देशों के एथलीटों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए एक स्वर्ण, तीन रजत पदक जीते।
बुकित कियारा स्थित जुआरा स्टेडियम में 16 से 20 सितंबर तक आयोजित स्पेशल ओलंपिक एशिया पैरिसफिक बैडमिंटन प्रतियोगिता में भारतीय दल ने शानदार प्रदर्शन किया। चानवी शर्मा ने महिला एकल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता और महिला युगल में अपनी जोड़ीदार सुजीता सुकुमारन के साथ रजत पदक जीता। अंकित दलाल ने पुरुष एकल में रजत पदक जीता और अमल बिजू के साथ मिलकर पुरुष युगल में एक और रजत पदक जीतकर अपने पदकों की संख्या दोगुनी कर दी।
मलेशिया में भारत के उच्चायुक्त, बी. एन. रेड्डी ने भी समापन समारोह में एथलीटों से मुलाकात कर उन्हें बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस उपलब्धि पर स्पेशल ओलंपिक भारत की अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा ने कहा, “मलेशिया में एशिया-प्रशांत बैडमिंटन प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले हमारे एथलीटों पर हमें बेहद गर्व है। उनका साहस, दृढ़ता और टीम भावना सचमुच स्पेशल ओलंपिक के सार को दर्शाती है। मैं पूरे दल को हार्दिक बधाई देती हूं और मलेशिया में भारतीय राजदूत और प्रवासी भारतीयों को उनके अमूल्य सहयोग के लिए धन्यवाद देती हूं। मेरी कामना है कि यह उपलब्धि पूरे भारत में और भी लोगों को प्रेरित करे।”
इस प्रतियोगिता में 10 देशों के 80 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 63 एथलीट और 17 एकीकृत भागीदार शामिल थे।
