
जतारा। दिगौड़ा थाना क्षेत्र में खेत पर आग ताप रहे किसान की कुल्हाड़ी से हत्या की वारदात के बाद अब जतारा क्षेत्र में एक और संदिग्ध मौत ने इलाके में दहशत फैला दी है। मंगलवार सुबह जतारा थाना क्षेत्र के अब्दा बम्होरी गांव के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव की बस्ती से कुछ दूरी पर पड़े शव के पास एक अवैध कट्टा और बीयर की बोतल भी मिली। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जतारा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मृतक की पहचान अब्दा बम्होरी निवासी 20 वर्षीय जितेंद्र पिता कालू कुशवाहा के रूप में हुई है।
सूचना पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। जतारा एसडीओपी अभिषेक गौतम ने बताया कि शव के पास मिले कट्टा और बीयर बोतल की फिंगरप्रिंट जांच कराई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस परिजनों और आसपास के खेत मालिकों से पूछताछ कर रही है।
पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जतारा अस्पताल भेजा गया है। मौत के सही कारणों का खुलासा शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
