रेल परियोजना के ठेकेदार अवैध उत्खनन करेंगे तो होगी कार्यवाही : कमिश्नर

रीवा: कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने रेल परियोजना की प्रगति की समीक्षा की. बैठक में भू-अर्जन के प्रकरणों तथा रेल परियोजना के निर्माण कार्यों की जिलेवार समीक्षा की गई. बैठक में कमिश्नर ने दो टूक शब्दो में कहा रेल परियोजना से जुड़े ठेकेदार यदि अवैध उत्खनन करते पाए जाएगे तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी.

कमिश्नर ने कहा कि रेलवे के अधिकारी प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय बनाकर निर्माण कार्य कराएं. ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन विन्ध्य क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए वरदान साबित होगी. इस परियोजना के निर्माण कार्यों को तय समय सीमा में पूरा कराएं. सतना जिले में भू-अर्जन का कार्य पूरा हो गया है. सीधी जिले में भी कुछ स्थानों को छोडक़र भू-अर्जन का कार्य कर लिया गया है. कलेक्टर कार्यालय से निरंतर संपर्क में रहकर भू-अर्जन के लंबित प्रकरणों का निराकरण कराएं.

रेल परियोजना के निर्माण कार्यों की हर बाधा दूर की जाएगी. कमिश्नर ने कहा कि निर्माण कार्यों में ठेकेदारों द्वारा भारी मात्रा में मिट्टी, गिट्टी और रेत का उपयोग किया जा रहा है. खनिज विभाग से अनुमति मिलने के बाद ही उत्खनन कार्य करें. निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही मिट्टी, गिट्टी और रेत की रायल्टी ठेकेदार से जमा कराएं. निर्माण कार्यों को पूरा कराने में समन्वय के साथ प्रयास करें. रीवा से बघवार तथा बघवार से चुरहट तक रेलवे लाइन निर्माण में उपयोग की गई मिट्टी तथा अन्य सामग्री की पूरी जानकारी खनिज अधिकारी को उपलब्ध कराएं. रेल परियोजना से जुड़े ठेकेदार यदि अवैध उत्खनन करते पाए जाएंगे तो कड़ी कार्यवाही की जाएगी.
भू अर्जन के प्रकरण निपटाए जा रहे है
बैठक में कलेक्टर रीवा श्रीमती प्रतिभा पाल ने बताया कि रीवा जिले में रेलवे का निर्माण कार्य पूरा हो गया है. कलेक्टर सतना सतीश कुमार एस ने बताया कि सतना से पन्ना जिले की सीमा तक रेलवे लाइन निर्माण के लिए भू-अर्जन के चार प्रकरण छोडक़र शेष सभी प्रकरण निराकृत कर दिए गए हैं. सतना-रीवा रेलवे लाइन के दोहरीकरण के लिए भी भू-अर्जन का कार्य तेजी से किया जा रहा है. बगहाई से रामवन सेक्शन में रेल निर्माण कार्य किया जा रहा है. बैठक में कलेक्टर सीधी स्वरोचिष सोमवंशी ने बताया कि बघवार से रामपुर नैकिन तक रेलवे लाइन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है. रामपुर नैकिन से सीधी के बीच में जिन स्थानों पर रेलवे ओवर ब्रिाज बनाया जाना है वहाँ भू-अर्जन के पूरक प्रस्तावों पर कार्यवाही की जा रही है.
फरवरी माह तक सीधी तक रेल लाइन बिछ जाएगी: मीणा
बैठक में रेलवे के प्रतिनिधि एके मीणा ने बताया कि खनिज पदार्थों की पूरी रायल्टी जमा कराई जाएगी. रीवा से रामपुर नैकिन तक रेल लाइन का कार्य पूरा हो गया है. जनवरी माह तक चुरहट और फरवरी माह तक सीधी तक लाइन बिछा दी जाएगी. अगले वर्ष दिसम्बर तक सीधी जिले में बहरी तक रेल लाइन बिछाने का लक्ष्य रखा गया है. सतना से पन्ना रेल लाइन में सतना से देवेन्द्र नगर तक रेल लाइन बिछाने का कार्य जनवरी महीने तक पूरा कर लिया जाएगा. बैठक में संयुक्त आयुक्त एलएल अहिरवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीधी अरविंद श्रीवास्तव, एसडीएम हुजूर, चुरहट, सीधी तथा सिहावल, खनिज विभाग के अधिकारी एवं रेल परियोजना से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे.

Next Post

थाईलैंड-कंबोडिया सीमा संघर्ष जारी, दोनों पक्षों के हताहतों की संख्या बढ़ी

Thu Dec 11 , 2025
बैंकॉक/नाेम पेन्ह, 11 दिसंबर (वार्ता) थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर चल रहे संघर्ष में दोनों देशों को भारी नुक़सान हुआ है। थाईलैंड ने नौ सैनिकों की मौत और लगभग दो लाख नागरिकों के विस्थापित होने की सूचना दी है, जबकि कंबोडिया ने दस नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि […]

You May Like