बुधनी। गणेशोत्सव को पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाने की दिशा में नगर परिषद ने विशेष पहल करते हुए अनंत चतुर्दशी पर प्रतिमा विसर्जन के लिए कृत्रिम कुंड तैयार करवाए हैं। नगरवासियों और समितियों से अपील की गई है कि नर्मदा नदी में बढ़े जलस्तर और प्रतिबंध के चलते प्रतिमाओं का विसर्जन केवल कृत्रिम कुंड में ही करें। बुधनी एसडीएम डी.एस. तोमर ने बताया कि नदी में विसर्जन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नगर परिषद ने पशु चिकित्सालय के पास कुंड तैयार किया है, जहां प्रतिमा विसर्जन प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में होगा। गुरुवार को एसडीएम डी.एस. तोमर, एसडीओपी रवि शर्मा, डीएसपी चैन सिंह रघुवंशी, सीएमओ संतोष रघुवंशी, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर अर्जुन मालवीय और अन्य अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। प्रशासन ने कहा कि कृत्रिम कुंड में विसर्जन से जलस्रोत सुरक्षित रहेंगे और पर्यावरण संरक्षण में सबका सहयोग मिलेगा।
