थाईलैंड-कंबोडिया सीमा संघर्ष जारी, दोनों पक्षों के हताहतों की संख्या बढ़ी

बैंकॉक/नाेम पेन्ह, 11 दिसंबर (वार्ता) थाईलैंड और कंबोडिया की सीमा पर चल रहे संघर्ष में दोनों देशों को भारी नुक़सान हुआ है। थाईलैंड ने नौ सैनिकों की मौत और लगभग दो लाख नागरिकों के विस्थापित होने की सूचना दी है, जबकि कंबोडिया ने दस नागरिकों के मारे जाने की पुष्टि की है।
थाईलैंड के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सुरसंत कोंगसिरी ने गुरुवार को कहा कि जारी सीमा झड़पों में नौ थाई सैनिक मारे गए हैं और एक सौ बीस से अधिक लोग घायल हुए हैं। उन्होंने प्रेस ब्रीफ़िंग में बताया कि संघर्ष के कारण तक़रीबन दो लाख थाई नागरिक विस्थापित हुए हैं, जिन्होंने शरणार्थी शिविरों में पनाह ली है। अब तक तीन शरणार्थियों की मौत की सूचना है और कुल 849 शरणार्थी शिविर स्थापित किए गए हैं।
प्रवक्ता के अनुसार, इस संघर्ष से लगभग 200 अस्पताल और क्लिनिक भी विभिन्न स्तरों पर प्रभावित हुए हैं। थाईलैंड सेना क्षेत्र कमान ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि झड़पें अभी भी जारी हैं, जिसमें कंबोडियाई सेना थाईलैंड के उबोन रत्चाथानी और सिसकेट प्रांतों में कई ठिकानों पर गोलीबारी कर रही है।
इस बीच कंबोडिया की ओर से भी हताहतों की संख्या की पुष्टि की गई है। कंबोडियाई रक्षा मंत्रालय की अवर सचिव और प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल माले सोचेता ने गुरुवार को बताया कि थाईलैंड के साथ सीमा संघर्ष के ताज़ा दौर में कम से कम 10 कंबोडियाई नागरिक मारे गए हैं और 60 अन्य घायल हुए हैं।
सोचेता ने प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा, “मारे गए 10 नागरिकों में एक बच्चा भी है, और 60 नागरिक घायल हुए हैं।” उन्होंने बताया कि कंबोडिया-थाईलैंड सीमा संघर्ष रविवार दोपहर से फिर से भड़क उठा और गुरुवार सुबह तक जारी बना रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाई सेना कंबोडियाई क्षेत्र में कई स्थानों पर तोप के गोले दाग़ रही है।
कंबोडिया के गृह मंत्रालय ने बुधवार रात जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि 56,000 से अधिक परिवारों के करीब 1,90,000 नागरिकों को सुरक्षित शरण के लिए अपने घरों को छोड़ना पड़ा है।

Next Post

ट्रंप से 'जितनी जल्दी हो सके' मिलने को तैयार हूँ: ताकाइची

Thu Dec 11 , 2025
टोक्यो, 11 दिसंबर (वार्ता) जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने संसद में कहा है कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जल्द से जल्द मिलने के लिए तैयार हैं। सुश्री ताकाइची ने बुधवार को कहा, “मैं वाशिंगटन जा सकती हूं और जब राष्ट्रपति ट्रंप विदेश जाएंगे और यदि उनसे मिलना […]

You May Like