
रतलाम। ऑनलाइन गेमिंग के जरिए 25,500 रुपये की ठगी का मामला सामने आने के बाद माणकचौक पुलिस और साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की पूरी रकम सुरक्षित करा ली। शिकायत मिलते ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर मामला दर्ज कर वित्तीय लेन-देन पर कार्रवाई की गई। इसके बाद तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम इंदौर पहुंची और 27 वर्षीय विशाल पिता सीताराम डावर, निवासी शिवधाम कॉलोनी, निम्बोदी, इंदौर को गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य लोगों और साइबर नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
माणकचौक थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 444/2026 में फरियादी अभिषेक पिता आनंद जैन ने ऑनलाइन गेमिंग के माध्यम से 25,500 रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत की थी। शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने बिना देरी किए तकनीकी कार्रवाई शुरू की। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कर संबंधित वित्तीय लेन-देन पर कार्रवाई कराई गई। इससे ठगी की पूरी 25,500 रुपये की राशि सुरक्षित कराने में सफलता मिली।
रकम सुरक्षित कराने के बाद पुलिस ने मामले में इस्तेमाल हुए तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया। जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे इंदौर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से ठगी में इस्तेमाल माध्यमों, बैंक खातों और अन्य तकनीकी संसाधनों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इस घटना में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति जुड़ा था या नहीं। बैंक खातों और साइबर नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो और नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में की गई। इसमें माणकचौक थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान, डीडी नगर थाना प्रभारी उप निरीक्षक अनुराग यादव, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक जीवन बारिया सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
