मुंबई, (वार्ता) ओडिशा के ललित कुमार मुदुली स्टार प्लस के गेम शो ‘इंडिया के टॉप एक प्रतिशत- द अनिल कपूर शो’ का खिताब जीतने वाले पहले पुरुष प्रतिभागी बन गए हैं। उन्होंने इस प्रतियोगिता में 94 लाख रुपये की पुरस्कार राशि अपने नाम की।
ललित मुदुली ने पूरे खेल के दौरान दबाव में भी अपना संयम बनाए रखा और अपने निर्णयों पर भरोसा जताते हुए सफलता हासिल की। उन्होंने देश भर से आए कई प्रतिभाशाली प्रतिभागियों को पछाड़कर यह मुकाम हासिल किया।
अपनी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए ललित ने कहा कि अनिल कपूर द्वारा होस्ट किए गए इस शो का हिस्सा बनना उनके लिए एक बेहतरीन अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि जल्द ही उनके घर नन्हे मेहमान का आगमन होने वाला है और वे इस पूरी राशि का उपयोग अपने बच्चे के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए करेंगे।
अनिल कपूर द्वारा प्रस्तुत यह गेम शो इस अवधारणा पर आधारित है कि सफलता केवल ज्ञान पर ही नहीं, बल्कि दबाव में सही सोचने और निर्णय लेने की क्षमता पर भी निर्भर करती है। ‘इंडिया के टॉप एक प्रतिशत’ का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात आठ बजे स्टार प्लस और जियो हॉटस्टार पर होता है।
