होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर ईरानी ड्रोन हमलों को नाकाम किया गया: सेंटकॉम

वाशिंगटन, 13 जून (वार्ता) अमेरिका के सेंट्रल कमान (सेंटकॉम) ने शनिवार तड़के कहा कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर हमला करने की ईरान की सभी कोशिशों को नाकाम कर दिया है।

सेंटकॉम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि व्यापार के लिए यह अहम रास्ता आवाजाही के लिए खुला है। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर हमला करने के लिए कई वन-वे अटैक ड्रोन भेजे थे। सेंटकॉम ने कहा कि अमेरिकी सेना ने हाल के घंटों में उन सभी को मार गिराया है और जलडमरूमध्य से आवाजाही बिना किसी रुकावट के जारी है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार गलियारा आवाजाही के लिए खुला है।

पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र में तेज़ी से बदलते हालात के बीच ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान ब्रॉडकास्टिंग’ (आईआरआईबी) के अनुसार, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच एक समझौता ज्ञापन कई मुद्दों पर बात करेगा, जिनमें ईरान का परमाणु कार्यक्रम, प्रतिबंधों में ढील और होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति शामिल है।

श्री अराघची ने कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य ईरान और ओमान की संप्रभुता के अधीन है। उन्होंने कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य का भविष्य वैसा नहीं होगा जैसा अतीत में था। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान और ओमान जल्द ही इसके प्रबंधन पर एक संयुक्त बयान जारी करेंगे। आईआरआईबी की रिपोर्ट के अनुसार श्री अराघची ने कहा कि समझौते में दो चरण शामिल हैं। पहले चरण में परमाणु मुद्दे पर चर्चा नहीं की गयी और इसे दूसरे चरण के लिए टाल दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर समझौता ज्ञापन की शर्तों को पूरा नहीं किया गया, तो अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किये जाएंगे।

श्री अराघची ने कहा कि समझौते में सबसे पहली बात यह कही गयी है कि अमेरिका द्वारा लगायी गयी नौसैनिक नाकेबंदी को हटाया जाये। आईआरआईबी ने ईरानी विदेश मंत्री के हवाले से कहा, “ अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार, होर्मुज़ जलडमरूमध्य से टोल वसूलना संभव नहीं है, लेकिन सेवा शुल्क ली जाएगी। ईरान को मुआवज़ा देने भी योजना है। ”

 

 

Next Post

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की बड़ी उपलब्धि, सीएम डॉ यादव ने डीआरडीओ को दी बधाई

Sat Jun 13 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की ओर से बहु-स्तरीय बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा प्रणाली और मध्यम दूरी की एंटी-शिप मिसाइल के सफल परीक्षण पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसे रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में […]

You May Like