भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की ओर से बहु-स्तरीय बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा प्रणाली और मध्यम दूरी की एंटी-शिप मिसाइल के सफल परीक्षण पर प्रसन्नता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसे रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सामरिक क्षमता लगातार मजबूत हो रही है और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। डीआरडीओ की यह सफलता भारत की बढ़ती रक्षा शक्ति और तकनीकी क्षमता का प्रतीक है।
डॉ. यादव ने इस उपलब्धि के लिए डीआरडीओ के सभी वैज्ञानिकों, तकनीकी विशेषज्ञों और देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास देश की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
