
लखनऊ। CBI की एंटी करप्शन ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार में तैनात रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज रमेश कुमार को लखनऊ में 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को राजधानी के वृंदावन इलाके में पकड़ा गया। उन पर एक कंपनी संचालक से 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, रमेश कुमार स्क्रैप के ठेके में अड़ंगा डालकर कंपनी संचालक पर रिश्वत देने का दबाव बना रहे थे। कंपनी संचालक की शिकायत मिलने के बाद CBI ने जाल बिछाया और उन्हें 3 लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। रमेश कुमार पटना में रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पद पर तैनात थे। इसके साथ ही वह बिहार में लिक्विडेटिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद CBI की टीम ने लखनऊ और रायबरेली में उनके ठिकानों पर छापेमारी की है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। आरोपी रमेश कुमार को आज CBI की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
