ग्वालियर। झांसी रोड थाना क्षेत्र में गाड़ी खड़ी करने की जगह को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने ही चचेरे भाई की ब्रेजा कार में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। आगजनी में कार की सीट जल गई, कांच टूट गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
मामले में फरियादी अशोक कुशवाह (52), निवासी नाका चन्द्रवदनी, नहर वाली माता रोड, ग्वालियर ने झांसी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर कार में आग लगाने वाले की पहचान प्रेमसिंह कुशवाह (43), निवासी नाका चन्द्रवदनी के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 390/26 के तहत धारा 326(एफ) BNS में मामला दर्ज कर उसे अभिरक्षा में लिया है। प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों आपस में चचेरे भाई हैं और गाड़ी एक निश्चित जगह पर खड़ी करने को लेकर हुए विवाद के बाद उसने कार में आग लगाई थी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
