सीधी। विंध्य क्षेत्र के साहित्यिक पुरोधा, सेवानिवृत्त प्राध्यापक एवं चिन्मय मिशन सीधी के अध्यक्ष डॉ. लहरी सिंह को तुलसी शिखर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। मध्यप्रदेश तुलसी साहित्य अकादमी भोपाल द्वारा आयोजित 26वें अखिल भारतीय साहित्यकार सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में सारस्वत अतिथि के रूप मे आमंत्रित करते हुए 28 नवम्बर 2026 को यह सम्मान होटल कृष्णा प्राइड भोपाल में प्रदान किया जाना है।
तुलसी साहित्य अकादमी भोपाल द्वारा जारी पत्र के अनुसार डॉ. सिंह को यह सम्मान उनकी औपन्यासिक धार्मिक कृति’ केसरी नन्दन आञ्जनेय’ पर प्रदान किया जा रहा है। सेवानिवृत्ति के पश्चात धार्मिक क्षेत्र में डॉ. लहरी सिंह जी की यह 15वीं कृति है। इसके अतिरिक्त सीधी जिले साहित्यकारों द्वारा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर दो रचनाएं लिखी जा चुकी हैं। इस उपलब्धि पर विंध्य क्षेत्र के साहित्यिक रचनाधर्मियों तथा चिन्मय मिशन सीधी के साथियों द्वारा प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी गई है।
