गुना में स्कॉर्पियो गैंग का तांडव: पुलिसकर्मी सहित 5 सूने घरों को बनाया निशाना

गुना: भगत सिंह कॉलोनी में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने बीती रात एक साथ 5 घरों को निशाना बनाकर दहशत फैला दी है। बदमाशों ने अशोकनगर जिले में पदस्थ एक पुलिसकर्मी के घर में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। खास बात यह है कि बदमाशों ने ऐसे घरों में सेंधमारी की है, जिनमें परिवार के सदस्यों की गैरमौजूदगी के चलते ताले लटके हुए थे।जानकारी सामने आई है कि भगत सिंह कॉलोनी में रात लगभग 3 से 4 बजे के दरमियानी एक स्कॉर्पियो कार में सवार कुछ अज्ञात बदमाश आमद दर्ज कराते हैं और एक के बाद एक सिलसिलेवार तरीके से 5 घरों को अंजाम देकर आसानी से वापस लौट जाते हैं। बदमाशों ने कॉलोनी में रहने वाली कौशर पत्नि दानिश अली के घर में वारदात को सबसे पहले अंजाम दिया। वारदात के समय कौशर अपने मायके में मौजूद थीं, उनके घर में ताला लगा हुआ था।

चोरों ने कौशर के घर में सबसे बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए करीब एक लाख 70 हजार रुपए नगद, सोने-चांदी के जेवर, एक एलईडी, एक आयरन प्रेस साफ कर दी है। बदमाशों ने एलईडी का रिमोर्ट तक नहीं छोड़ा है। इसके बाद अशोकनगर जिले के देहात थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक रविंद्र रघुवंशी के घर के ताले चटकाए। जहां से एक लाख रुपए के जेवर, कुछ नगदी और घरेलू आवश्यकता का सामान चोरी हुआ है। रविंद्र रघुवंशी वारदात के समय अपने कैंट गुलाबगंज स्थित अपने दूसरे मकान में मौजूद थे और भगत सिंह कॉलोनी के उनके आवास पर ताला लगा हुआ था। इसी तरह चोरों ने एक इसी कॉलोनी में रहने वाले कीर्ति प्रताप यादव के मकान को भी निशाना बनाया।

जहां से लगभग 2 लाख रुपए के गहने और बच्चों की गुल्लक चोरी हुई है। वारदात के दौरान कीर्ति यादव का परिवार छुट्टियों की वजह से अपने गांव में मौजूद था। सुबह पड़ोसियों द्वारा जानकारी मिलने पर वह भगत सिंह कॉलोनी पहुंचे। उन्होंने करीब 20 से 25 हजार रुपए की चोरी होने का संदेह जताया है। इसके अलावा दो अन्य घरों के ताले चटकाए गए हैं, जहां बदमाशों को कुछ खास नहीं मिला, जिसके बाद वे अपने स्कॉर्पियो में सवार होकर वापस लौट गए।

इस वारदात की सूचना मिलने पर कैंट टीआई अनूप भार्गव और उनकी टीम ने मौका मुआयना किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने सभी घरों से बदमाशों के फिंगर प्रिंट और कुछ अन्य साक्ष्य एकत्रित किए हैं। सीसीटीवी फुटेज चैक करने पर पता चला है कि चोरों का स्कॉर्पियो वाहन करीब 3 बजकर 47 मिनट पर नजर आ रहा है। इसके बाद वह अन्य गलियों से घूमता हुआ वापस लौट गया। कुल मिलाकर शहर के प्रमुख रिहायशी क्षेत्र में शामिल भगत सिंह कॉलोनी में चोरी की वारदात ने सनसनी फैला दी है। सोशल मीडिया पर इस घटना को स्कॉर्पियो गैंग की मौजूदगी के तौर पर देखा जा रहा है। वारदात नवागत पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के लिए भी चुनौती के तौर पर देखी जा रही है।

Next Post

काशी के दौरे पर CM डॉ यादव ने चखा कचौड़ी-जलेबी का स्वाद

Sat Apr 4 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने काशी के दौरे के दौरान सपत्नीक एक आम नागरिक की तरह स्थानीय व्यंजनों का आनंद लिया। एयरपोर्ट की ओर जाते समय उनका काफिला मिंट हाउस स्थित श्रीराम भंडार पर रुका, जहां उन्होंने प्रसिद्ध कचौड़ी, जलेबी और छाछ का स्वाद चखा। मुख्यमंत्री ने कहा कि […]

You May Like