शीतकालीन सत्र को लेकर अनिश्चितता पर भाकपा सांसद संतोष कुमार ने जतायी चिंता, उपराष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग

नयी दिल्ली, 25 नवंबर (वार्ता) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्यसभा सदस्य पी. संतोष कुमार ने संसद के आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर स्पष्टता और परामर्श की कमी पर चिंता जताते हुए उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन को पत्र लिखा है।
उन्होंने सत्र की तारीखों की घोषणा में और देरी न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए उनसे हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। श्री कुमार ने आज लिखे पत्र में राज्यसभा में कहा कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बावजूद दोनों सदनों का सत्रावसान नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि नवंबर का अंतिम सप्ताह आने के बावजूद शीतकालीन सत्र की तारीखों को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिलने से काफी अनिश्चितता और अटकलें पैदा हो रही हैं।

भाकपा सांसद ने पत्र में लिखा, “मौजूदा अनिश्चितता बेहद चिंताजनक है।” उन्होंने कहा कि परंपरागत रूप से शीतकालीन सत्र नवंबर-दिसंबर में आयोजित होता रहा है और इसकी समय-सारिणी आमतौर पर पर्याप्त पहले बता दी जाती है, ताकि सदस्य संसदीय कार्यवाही की तैयारी कर सकें।
श्री कुमार ने कहा कि यह मामला केवल प्रशासनिक असुविधा तक सीमित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पष्टता का अभाव संस्थागत महत्व के मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने और संसदीय हितधारकों को विश्वास में लेने के प्रति सरकार की अनिच्छा को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि सांसदों की अपने निर्वाचन क्षेत्रों के प्रति जिम्मेदारियां हैं और उन्हें संसद के कैलेंडर के अनुसार अपनी यात्राओं, क्षेत्रीय कार्यक्रमों तथा अन्य व्यस्तताओं की योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय पहले सूचना मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि औपचारिक सूचना या परामर्श के बिना निर्वाचित प्रतिनिधियों को अनिश्चितता में रखना न तो उचित है और न ही संसद के प्रभावी कामकाज के अनुकूल।
उन्होंने कहा, “मौजूदा शासन में परामर्श और पारदर्शिता का अभाव दुर्भाग्यपूर्ण रूप से एक सामान्य चलन बन गया है।” उन्होंने कहा कि जो सरकार सांसदों को सूचित करना जरूरी नहीं समझती, वह लोकतांत्रिक जवाबदेही के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लेकर जनता का भरोसा शायद ही जीत सके।

राज्यसभा के सभापति से हस्तक्षेप की मांग करते हुए श्री कुमार ने उनसे इस मामले का संज्ञान लेने और संसदीय कैलेंडर को लेकर तत्काल स्पष्टता देने की आवश्यकता सरकार के समक्ष रखने का आग्रह किया। उन्होंने संसदीय हितधारकों के साथ सार्थक परामर्श करने तथा सदन की प्रस्तावित तारीखों और कार्यसूची के बारे में सदस्यों को पर्याप्त समय पहले सूचना देने की भी मांग की।

संसद के संस्थागत महत्व पर जोर देते हुए भाकपा नेता ने कहा कि यह ऐसी संस्था नहीं है, जिसे केवल सरकार की सुविधा के अनुसार बुलाया या संचालित किया जा सके। उन्होंने कहा कि संसद जनता का सर्वोच्च प्रतिनिधि मंच है और इसे स्थापित परंपराओं, पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप काम करना चाहिए।

उन्होंने आगाह किया, “यह धारणा कि कोई सरकार जनता के निर्वाचित प्रतिनिधियों के प्रति भी जवाबदेह नहीं होना चाहती, हमारे संसदीय लोकतंत्र के लिए बेहद नुकसानदेह है।” उन्होंने उम्मीद जतायी कि उपराष्ट्रपति इस मामले में हस्तक्षेप करेंगे और समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाएंगे।

यह पत्र शीतकालीन सत्र की समय-सारिणी को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच आया है। परंपरागत रूप से वर्ष के अंत में आयोजित होने वाला यह सत्र संसद को विधायी प्रस्तावों, सरकार की नीतियों और जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर विचार-विमर्श का अवसर देता है। भाकपा सांसद के इस हस्तक्षेप से सांसदों के साथ पहले से परामर्श करने और संसदीय परंपराओं का पालन करने का मुद्दा फिर चर्चा में आ गया है।

.....

Next Post

ओएलएक्स पर मोबाइल खरीदने के चक्कर में 61 हजार की ठगी, 45 हजार वापस मिले

Wed Nov 25 , 2026
इंदौर:ओएलएक्स पर मोबाइल खरीदने के लिए संपर्क करना एक महिला को महंगा पड़ गया. ठग ने मोबाइल डिस्ट्रीब्यूटर बनकर सस्ते में फोन दिलाने का झांसा दिया और दुकानदार व ग्राहक दोनों को गुमराह कर महिला से 61 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए. क्राइम ब्रांच ने बैंकिंग समन्वय […]

You May Like