इंदौर: जिले की सहकारी संस्थाओं के संस्थागत ऑडिट के लिए ऑडिटर सूची समय पर जारी नहीं होने से संस्थाओं को आ रही परेशानियों को लेकर सहकार भारती इंदौर महानगर ने सहकारिता विभाग के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा.संगठन ने विभाग से ऑडिटर सूची शीघ्र प्रकाशित करने और सहकारी संस्थाओं की समस्याओं का निराकरण करने की मांग की. सहकार भारती इंदौर महानगर के महामंत्री कीर्तिश धामारीकर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विभागीय अधिकारियों को सहकारी संस्थाओं की समस्याओं से अवगत कराया.
धामारीकर ने बताया कि ऑडिटर सूची जारी होने में हो रही देरी के कारण जिले की कई सहकारी संस्थाओं के संस्थागत ऑडिट का कार्य प्रभावित हो रहा है. इससे संस्थाओं को विभिन्न प्रशासनिक एवं वैधानिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उपायुक्त की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने राजकुमार देवकर को ज्ञापन सौंपा. इस दौरान विभाग की ओर से समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया गया. ज्ञापन सौंपने के अवसर पर मिनी शर्मा, संगठन मंत्री किशोर सराठे, उपाध्यक्ष दिनेश त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष हरीश पुरोहित, मंत्री जवाहर गुप्ता, धर्मेंद्र दांगी और विजय यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
