बस्तर ओलंपिक की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं शुरू, दो हजार से अधिक खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

जगदलपुर, 25 नवंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक 2026 की दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का बुधवार को इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में शुभारंभ हुआ। इसमें जिले के सात विकासखंडों से चयनित दो हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप एवं अन्य अतिथियों ने बस्तर और बकावंड विकासखंड के बीच आयोजित फुटबॉल मुकाबले के दौरान फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भारोत्तोलक पालेश नाग ने खिलाड़ियों को खेल भावना के अनुरूप प्रदर्शन करने की शपथ दिलाई।

प्रतियोगिता के पहले दिन 10 से 17 वर्ष आयु वर्ग के जूनियर खिलाड़ियों के मुकाबले आयोजित किए गए, जबकि गुरुवार को 17 वर्ष से अधिक आयु के सीनियर वर्ग के मुकाबले होंगे। महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग स्पर्धाएं निर्धारित की गई हैं। प्रतियोगिता का समापन कल शाम चार बजे इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में होगा।

श्रीमती कश्यप ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बस्तर ओलंपिक के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिला है। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ-साथ शिक्षा पर भी विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी ने कहा कि उत्कृष्ट खेल प्रतिभाएं छोटे-छोटे गांवों में भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार तथा सुरक्षा बलों के प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद समाप्त होने के बाद दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

जिला पंचायत की खेल एवं युवा कल्याण समिति के सभापति बनवासी मौर्य ने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वहीं, जगदलपुर नगर निगम के सभापति खेमसिंह देवांगन ने बस्तर ओलंपिक को क्षेत्र में आ रहे सकारात्मक बदलाव और नई संभावनाओं का प्रतीक बताया।

आयोजकों के अनुसार वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक की शुरुआत के बाद से खिलाड़ियों की भागीदारी लगातार बढ़ी है। बस्तर जिले में वर्ष 2024 में 37,650 और वर्ष 2025 में 95,587 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर एक लाख चार हजार 841 हो गई है।

जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम, क्रीड़ा परिसर धरमपुरा, खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी और सिटी ग्राउंड में आयोजित की जा रही हैं। इनमें एथलेटिक्स, तीरंदाजी, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, भारोत्तोलन, हॉकी और कराटे सहित कुल 11 खेल विधाओं के मुकाबले हो रहे हैं। इसके अलावा सीनियर महिला वर्ग के लिए प्रतीकात्मक रस्साकशी प्रतियोगिता भी रखी गई है।

दलीय खेलों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को क्रमशः चार हजार, तीन हजार और दो हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में विजेताओं को क्रमशः दो हजार, डेढ़ हजार और एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

सर्वाधिक पदक हासिल करने वाले विकासखंड को ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी और दल संभाग स्तरीय बस्तर ओलंपिक में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

शुभारंभ समारोह में कलेक्टर आकाश छिकारा, अपर कलेक्टर सीपी बघेल, अपर पुलिस अधीक्षक सुखनन्दन राठौर सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेलप्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

.....

Next Post

फातिमा सना वेस्टइंडीज दौरे पर पाकिस्तान की कप्तानी करने के लिए वापस लौटीं

Wed Nov 25 , 2026
इस्लामाबाद, 25 नवंबर (वार्ता) फातिमा सना अगले महीने कैरेबियन दौरे पर पाकिस्तान की कप्तानी करने के लिए वापस आ रही हैं। इस दौरे पर पाकिस्तान वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टी20 और तीन वनडे मैच खेलेगा। दोनों फॉर्मेट के लिए अलग-अलग टीम चुनने के बजाय, पाकिस्तान ने इन मैचों के लिए […]

You May Like