
नयी दिल्ली, 24 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को नीति आयोग की संचालन परिषद की 10वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
इस बैठक का मुख्य विषय है- ‘विकसित भारत के लिए विकसित राज्यएट2047।’ राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित इस बैठक में भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए राज्यों के विकास पर विशेष चर्चा होगी।
बैठक के बारे में जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है, “ जैसे-जैसे भारत विकसित देश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, यह आवश्यक हो गया है कि राज्य अपनी अनूठी शक्तियों का लाभ उठाएं और जमीनी स्तर पर परिवर्तनकारी बदलाव लाएं।”
विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्यों को मानव विकास, आर्थिक विकास, स्थिरता, प्रौद्योगिकी और शासन सुधारों पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपने अद्वितीय भौगोलिक और जनसांख्यिकीय लाभों का लाभ उठाना चाहिए।
इस बैठक में प्रशासन एवं प्रबंधन में जवाबदेही और काम के बीच में सुधार एवं संशोधन सुनिश्चित करने के लिए परियोजना निगरानी इकाइयों, आईसीटी-सक्षम बुनियादी ढांचे और निगरानी और मूल्यांकन प्रकोष्ठों द्वारा समर्थित डेटा-संचालित प्रक्रियाओं और परिणाम-आधारित परिवर्तन पर ध्यान केंद्रित किया जा सकता है।
बैठक में उद्यमिता को बढ़ावा देने, कौशल बढ़ाने और देश भर में स्थायी रोजगार के अवसर पैदा करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
नीति आयोग की संचालन परिषद की इस बैठक में पिछले वर्ष 13-15 दिसंबर को मुख्य सचिवों के चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन
के विषयों पर आम सहमति बनाने पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। सचिवों के सम्मेलन में सक्षम 2, 3 शहरों में विनिर्माण और सेवा क्षेत्र के विकास के लिए सक्षम पारिस्थितिकी तंत्र के सृजन, एमएसएमई और अनौपचारिक रोजगार, हरित अर्थव्यवस्था और चक्रीय अर्थव्यवस्था के प्रोत्साहन की सिफारिश की गयी थी।
बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और नीति आयोग के उपाध्यक्ष, सदस्य और मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) भाग लेंगे।
