हॉकी इंडिया ने जूनियर विश्व कप से पहले 20 शहरों में ट्रॉफी टूर की घोषणा की

नई दिल्ली, 06 नवंबर (वार्ता) तमिलनाडु में एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 के शुरू होने में बस कुछ ही हफ्ते बचे हैं, हॉकी इंडिया ने गुरुवार को एक राष्ट्रव्यापी ट्रॉफी टूर की घोषणा की, जिसके दौरान प्रतिष्ठित विश्व कप ट्रॉफी भारत के 20 शहरों का दौरा करेगी।
ट्रॉफी टूर की आधिकारिक शुरुआत 7 नवंबर को मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम, नई दिल्ली में हॉकी इंडिया शताब्दी समारोह के दौरान होगी। इस अवसर पर केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया, तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री एवं युवा कल्याण एवं खेल विकास मंत्री थिरु उदयनिधि स्टालिन, एफआईएच अध्यक्ष दातो तैय्यब इकराम, हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की, महासचिव भोला नाथ सिंह और कोषाध्यक्ष शेखर जे मनोहरन उपस्थित रहेंगे।
इस दौरे का उद्देश्य 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में आयोजित होने वाले इस वैश्विक आयोजन से पहले देश भर के हॉकी प्रशंसकों में उत्साह पैदा करना और उन्हें जोड़ना है।
ट्रॉफी तमिलनाडु लौटने से पहले 20 शहरों से होकर गुजरेगी, जिससे देश भर के प्रशंसकों को ट्रॉफी को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
इस घोषणा के बारे में बात करते हुए, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष टिर्की ने कहा, “ट्रॉफी दौरे का उद्देश्य एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप के रोमांच को भारत के कोने-कोने तक पहुंचाना है। यह भारतीय हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि हम 24 टीमों के साथ जूनियर विश्व कप के अब तक के सबसे बड़े संस्करण की मेजबानी कर रहे हैं। हम चाहते हैं कि देश भर के हॉकी प्रशंसक इस उत्सव का हिस्सा बनें और चेन्नई में अपना अभियान शुरू करने से पहले भारतीय टीम को अपनी शुभकामनाएँ भेजें।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “उत्तर में जम्मू-कश्मीर से लेकर दक्षिण में केरल तक, ट्रॉफी टूर एक अनूठी पहल है जो इस प्रतिष्ठित आयोजन से पहले हॉकी जगत को एकजुट करती है। हॉकी इंडिया के शताब्दी समारोह के दौरान नई दिल्ली से इस यात्रा की शुरुआत इसे और भी खास बनाती है। 20 शहरों से होकर गुजरने वाली ट्रॉफी का यह सफर पूरे भारत के प्रशंसकों को इस प्रतिष्ठित वैश्विक टूर्नामेंट की मेजबानी के उत्साह में शामिल करेगा।”

Next Post

स्क्वैश विश्व कप में भारत समेत 12 देश भाग लेंगे

Thu Nov 6 , 2025
चेन्नई, 06 नवंबर (वार्ता) मेजबान भारत, गत विजेता मिस्र और पिछले संस्करण के उपविजेता मलेशिया सहित बारह देश 9 से 14 दिसंबर तक चेन्नई में आयोजित होने वाले स्क्वैश विश्व कप 2025 में भाग लेंगे। खेल की वैश्विक नियामक संस्था, विश्व स्क्वैश ने पुष्टि की है कि एक्सप्रेस एवेन्यू मॉल […]

You May Like