वाराणसी (वार्ता) जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने बुधवार को कहा कि महाकुंभ के जरिये भारत ने अपनी पुरातन संस्कृति,अनुशासन और सभ्यता की झलक दुनिया के समक्ष प्रस्तुत की है।
45 दिन तक चले महाकुंभ का आज समापन हो गया। महा शिवरात्रि के अवसर पर विश्वनाथ मंदिर में जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने पत्रकारों से कहा “ भारत की लगभग आधी आबादी कुंभ में पहुंची। विभिन्न जातियों, धार्मिक मान्यताओं और मतों के लोग यहां एक साथ आए और अनुशासन के साथ त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगायी। दुनिया ने हमारी एकता देखी। दुनिया ने हमारी सभ्यता और संस्कृति की झलक देखी।”
उन्होने कहा “ भारत की आधी आबादी ने यहां कुंभ में विश्व कल्याण के लिए प्रार्थना की। कुंभ का आज समापन हुआ। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देता हूं और इस भव्य व्यवस्था के लिए उन्हें बधाई देता हूं।”
