
दमोह/कटनी. जिले के जबेरा थाना क्षेत्र के सिंग्रामपुर चौकी के तेलन मार्ग पर एक 19 वर्षीय युवती घायल अवस्था में मिली.बांदकपुर से लौट रहे पौंडी सरपंच मनोज राय को युवती ने मदद के लिए रोका.उन्होंने सांसद प्रतिनिधि रूपेश सेन को सूचना दी.इसी समय बांदकपुर से अपने निजी वाहन से लौट रहे साहब पटेल ने अपने वाहन से युवती को तुरंत जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.मौके पर थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान, चौकी प्रभारी राजीव पुरोहित और एसआई गणेश दुबे पहुंचे.पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वह कटनी की रहने वाली है.दो युवक उसका अपहरण कर एक सुनसान घर में ले गए.वहां उन्होंने उसके साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया. इसके बाद मारपीट कर उसे तेलन मार्ग की घाटी से नीचे फेंक दिया.बीएमओ डॉक्टर डीके राय ने प्राथमिक उपचार के बाद युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दमोह रेफर कर दिया, जहां जिला अस्पताल में महिला डॉक्टर द्वारा इलाज किया गया. इसके बाद पुलिस अधीक्षक श्री सोमवंशी के निर्देशन में टीआई अंजलि अगिनहोत्री ने बारीकी से जानकारी लेकर डायरी माधव नगर थाने को भेज दी है और लड़की की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने जबलपुर रेफर कर दिया है.जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान ने बताया कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है.कटनी जिले के माधव नगर थाने में युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.
7 माह की गर्भवती है युवती
दमोह में घायल अवस्था में मिली कटनी की युवती 7 माह की गर्भवती है.जिस युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगा है वह युवती का प्रेमी है, जिसका नाम पवन बर्मन है. जबेरा टीआई विकास चौहान के अनुसार विगत दिन यानी रविवार दोपहर 2 बजे युवती अपने घर से लापता हुई थी, दिनभर परिवार के लोग उसे खोजते रहे और रात करीब 10 बजे कटनी माधव नगर पुलिस थाने में अपनी बेटी के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई. आरोपी पवन बर्मन जो कि शादीशुदा है,उसका युवती के साथ प्रेम प्रसंग था दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने और युवती गर्भवती हो गई.आरोपी पवन युवती को कार से लेकर दमोह के डूमरगांव पहुंचा, जहां आरोपी के मामा के बेटे निगम के साथ दोनों युवती का इलाज कराने के नाम पर जंगल ले गए.वहां उसके साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया और मारपीट करने के बाद उसे फेंक दिया. सब इंस्पेक्टर श्री चौहान ने बताया कि पहले युवती कुछ नहीं बता रही थी, लेकिन जब डॉक्टर ने उसका प्रेगनेंसी टेस्ट किया तो फिर उसने यह बात बताई कि वो 7 माह की गर्भवती है. पेट बाहर दिखाई देने लगा था, मैंने अपने प्रेमी से कहा था कि मेरा इलाज करा दो, इसलिए वो मुझे इलाज के बहाने यहां लेकर आया और मेरे साथ इस तरह की घटना को अंजाम दिया है.
इनका कहना है….
जब इस संदर्भ में कटनी जिले के माधव नगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबै से जानकारी ली, तो उन्होंने बताया कि गुमशुदी की रिपोर्ट दर्ज है, तलाश की जा रही थी. जो दमोह सिग्रामपुर में घायल हालत में लड़की मिली है,उसका इलाज जबलपुर में चल रहा है. दो आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है उनसे पूछताछ की जा रही है, तत्काल ही खुलासा किया जाएगा.
