बिहार के जंगलराज में आदिवासी परिवार का नरसंहार हृदय विदारक : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि बिहार में जंगलराज और गुंडाराज चल रहा है तथा आम नागरिकों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है जिसके कारण पूर्णिया में आदिवासी परिवार के पांच सदस्यों के जघन्य नरसंहार की हृदय विदारक घटना होती है।

आदिवासी कांग्रेस के प्रमुख डॉ. विक्रांत भूरिया ने सोमवार को यहां पार्टी के नए मुख्यालय इंदिरा भवन में संवाददाता सम्मेलन में इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की और आरोप लगाया कि सरकार इस भयावह घटना को दबाने का प्रयास कर रही है।

डॉ. भूरिया ने बताया कि वह घटनास्थल पर गये और पीड़ित परिवार के लोगों से मिले। उनका कहना था कि वहां भय का माहौल है और पूरा गांव खाली पड़ा है। वह उस तालाब भी जिसमें एक व्यक्ति जान बचाने के लिए कूदा था लेकिन उसे बाहर निकालकर दोबारा आग के हवाले कर दिया गया था।

घटना का विवरण देते हुए उन्होंने कहा “पहले परिवार के सदस्यों को पीटा गया, हाथ-पैर तोड़े गए, फिर जिंदा जला दिया गया। जब वे पूरी तरह से नहीं जले तो तड़पने के लिए छोड़ दिया, फिर दोबारा जला दिया गया। घटना को 200 से 250 लोगों की भीड़ ने अंजाम दिया। सवाल है कि भीड़ को किसका संरक्षण था और उसे किसने उकसाया, यह सब सामने आना जरुरी है।”

उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है जिससे उनका मनोबल इतना बढ़ गया है। उनका कहना था कि बिहार में लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। पीड़ित परिवार के घर के पास नल-जल योजना का हैंडपंप लगा है लेकिन पीने लायक पानी नहीं आता है। बिहार में शराबबंदी है इसके बावजूद घटनास्थल पर शराब की बोतलें मिलीं, जिससे पता चलता है कि लोगों ने घटना को अंजाम देने से पहले शराब पी थी।

कांग्रेस नेता ने पूर्णिया के पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और स्थायी सुरक्षा देने की मांग करते हुए मामले की फास्ट ट्रैक अदालत में सुनवाई कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

 

 

 

 

 

Next Post

इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट मैच में भारत 22 रनों से हराया

Mon Jul 14 , 2025
लॉर्ड्स, 13 जुलाई (वार्ता) जोफ्रा आर्चर और बेन स्टोक्स (तीन-तीन विकेट), ब्राइडन कार्स (दो विकेट) तथा क्रिस वोक्स और बशीर अहमद (एक-एकविकेट) की बदौलत इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट के पांचवें दिन रोमांचक मुकाबले में भारत को 22 रनों से हराया। इससे पहले रवींद्र जडेजा (नाबाद 61) की साहसिक अर्धशतकीय पारी […]

You May Like