रतलाम: माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी द्वितीय परीक्षा 2026 की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य की शुरुआत गुरुवार को शासकीय माध्यमिक विद्यालय स्थित मूल्यांकन केंद्र पर हुई। पहले ही दिन बड़ी संख्या में मूल्यांकनकर्ताओं की मौजूदगी के बीच परीक्षा कॉपियों की जांच प्रक्रिया शुरू की गई।
प्रथम चरण में हाई स्कूल के हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों के साथ हायर सेकेंडरी के हिंदी, अंग्रेजी, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, वाणिज्य, इतिहास, अर्थशास्त्र एवं कृषि विषय की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन आरंभ किया गया।मूल्यांकन शुरू होने से पहले केंद्र अधिकारी द्वारा सभी शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। सहायक मूल्यांकन अधिकारी माया मौर्या, विशेष मूल्यांकन अधिकारी डॉ. ललित मेहता, शरद शर्मा और प्रेमलता व्यास की मौजूदगी में मंडल के दिशा-निर्देशों की जानकारी साझा की गई।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और शुद्धता के साथ मूल्यांकन किया जाए। इस दौरान प्रेक्षक डॉ. ए.के. मिश्रा ने भी केंद्र का निरीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। मूल्यांकन के पहले दिन कुल 155 मूल्यांकनकर्ता उपस्थित रहे तथा लगभग 3000 उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की गई।
केंद्र पर मोबाइल फोन लाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा
मूल्यांकन अधिकारी श्री कुमावत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षक प्रतिदिन न्यूनतम 45 और अधिकतम 60 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे। साथ ही केंद्र पर मोबाइल फोन लाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और कार्य पूर्ण होने तक किसी भी परीक्षक को केंद्र छोडऩे की अनुमति नहीं होगी।
