मनासा में कांग्रेस का प्रदर्शन स्थगित, अनुमति नहीं देने पर भडक़े कांग्रेसी,बोले अब बड़ा आंदोलन होगा

नीमच: जिले के मनासा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जनता पर अत्याचारों के विरोध में 29 मई को होने वाला प्रदर्शन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा और जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने घोषणा की कि अब यह आंदोलन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा।
प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार किया
कांग्रेस ने पहले 29 मई को मनासा थाने के घेराव का कार्यक्रम तय किया था, जिसे बाद में आम सभा में बदल दिया गया। हालांकि, प्रशासन ने सुरक्षा और प्रतिबंधात्मक आदेशों का हवाला देते हुए कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि स्थानीय भाजपा विधायक माधव मारू के राजनीतिक दबाव में आकर प्रशासन ने विपक्ष की आवाज दबाने के लिए यह कदम उठाया है।
मनासा को बताया अपराध और घोटालों का केंद्र
इस दौरान जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि मनासा विधानसभा क्षेत्र अवैध गतिविधियों का गढ़ बन चुका है। उन्होंने करोड़ों के जमीन घोटाले, अवैध हथियार निर्माण और एमडी ड्रग्स फैक्ट्रियों के भंडाफोड़ का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि रेत उत्खनन और अवैध कॉलोनाइजिंग के खेल को प्रशासनिक संरक्षण प्राप्त है। बाहेती ने सवाल उठाया कि आखिर किस आधार पर सिर्फ नीमच जिले में ही धारा 144 लगाकर लोकतांत्रिक विरोध को रोका जा रहा है।
दमनकारी नीतियों के खिलाफ एकजुट होगी कांग्रेस
इस दौरान पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा ने कहा कि कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे मुकदमों और खिमला प्लांट की अवैध गतिविधियों का विरोध करने वालों पर हो रही दमनकारी कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि जो सत्ता के दबाव में बेगुनाह लोगों को निशाना बना रहे हैं, उनके कारनामों का सबूतों के साथ खुलासा किया जाएगा।
जल्द होगा नई तारीख का ऐलान
जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती कहा कि वे तानाशाही के आगे झुकने वाले नहीं हैं। जल्द ही नई तारीख की घोषणा की जाएगी, जिसमें प्रदेश स्तरीय नेतृत्व शामिल होगा। पत्रकार वार्ता में ब्लॉक अध्यक्ष श्याम सोनी, मनोरमा मूंदड़ा और रामप्रसाद कसेरा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

Next Post

तिलस्वा घाट हादसों के बाद पीडब्ल्यूडी ने किया निरीक्षण

Thu May 28 , 2026
नीमच: नीमच-सिंगोली-कोटा मार्ग के तिलस्वा घाट पर लगातार हो रहे हादसों के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। पिछले तीन दिनों में यहां दो भीषण सडक़ दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें तीन लोगों की मौत हो गई और करीब 35 लोग घायल हुए हैं। रविवार को शिवशक्ति बस हादसे के बाद मंगलवार […]

You May Like