
जबलपुर। शुक्रवार को मौसम ने करवट बदली। सुबह से धूप खिली रही। दिन का तापमान भी चढ़ गया। बारिश थमी रहीं। हालांकि मानसून सीजन में बारिश का आंकड़ा 770.6 मिमी पर पहुंच गया हैं। गुरूवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो शुक्रवार को चढक़र 30.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिन मेें बादलों ने डेरा डाला लेकिन सूर्यदेव के सामने बादलों की नहीं चल सकी।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 5 दिनों में जबलपुर में हल्की वर्षा एवं तापमान बढऩे की संभावना है। 7 अगस्त तक सामान्य एवं 8 से 14 अगस्त तक सामान्य से कम वर्षा की संभावना है। वर्तमान में मानसून ट्रफ माध्य समुद्र तल पर, श्री गंगानगर, रोहतक, शाहजहाँपुर, गोरखपुर, दरभंगा, शांति निकेतन, कैनिंग से होकर दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की उत्तर-पूर्वी खाड़ी तक विस्तृत है। ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और निकटवर्ती क्षेत्रों पर माध्य समुद्र तल से 9.4 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है, जो ऊँचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 93 और शाम को 69 प्रतिशत दर्ज की गई। पश्चिमी हवाएं चार से पांच किमी की रफ्तार से चली।
