
सीहोर। ग्राम चंदेरी इन दिनों आस्था, श्रद्धा और भक्ति के रंग में पूरी तरह रंगा हुआ है. यहां चल रहे भव्य धार्मिक आयोजन में सीहोर सहित भोपाल और शाजापुर जिले से हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े हैं. दूर-दराज से आए भक्त देवधर्मी की गादी पर पहुंचकर माथा टेक रहे हैं और अपनी मन्नतें लेकर दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं.
समाजसेवी मोहबत सिंह मेवाड़ा ने बताया कि देवधर्मी के इस दिव्य दरबार में विभिन्न स्थानों से आए 30 से अधिक पंडा शामिल हुए हैं. प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक चलने वाले इस धार्मिक दरबार में श्रद्धालु अपनी समस्याओं, मनोकामनाओं और सुख-शांति की कामना लेकर पहुंच रहे हैं. कोई संतान सुख की मन्नत मांग रहा है तो कोई रोजगार, स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली के लिए देवताओं से प्रार्थना कर रहा है.
चंदेरी में लगा यह धार्मिक मेला सिर्फ पूजा-पाठ तक सीमित नहीं, बल्कि यह समाज को जोडऩे और एकता का संदेश देने वाला आयोजन बन गया है. आज भी लोगों के दिलों में आस्था जीवित है और देवधर्मी के दरबार पर अटूट विश्वास कायम है. इस मौके पर मध्य प्रदेश शासन के प्रदूषण बोर्ड के कमिश्नर श्रीनिवास द्विवेदी द्वारा भी देव धर्मी बाबा का आशीर्वाद लिया गया.
