सिडनी, 21 अक्टूबर (वार्ता) खनन उपकरणों में 36 किलोग्राम कोकीन छिपाकर चिली से ऑस्ट्रेलिया ले जाने के कथित प्रयास में पाँच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस (एएफपी) और चिली की जाँच पुलिस (पीडीआई) ने मंगलवार को एक बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अक्टूबर की शुरुआत में एक संयुक्त जाँच शुरू हुई थी जब चिली में अधिकारियों ने ऑस्ट्रेलिया जाने वाले दो खनन उपकरणों में 36 किलोग्राम कोकीन बरामद किया था।
उपकरणों से कोकीन निकालकर उन्होंने पीडीआई अधिकारियों की निगरानी में सिडनी भिजवा दिया था। एएफपी अधिकारियों ने ऑस्ट्रेलिया में एक 26 वर्षीय व्यक्ति को खेप लेकर उसे पश्चिमी सिडनी में एक आवासीय परिसर में ले जाते समय उसका पीछा किया। जब उस व्यक्ति के साथ एक अन्य 37 वर्षीय व्यक्ति उन उपकरणों को काटकर कोकीन को निकालने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एएफपी द्वारा बाद में उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर पीडीआई ने चिली में तीन और लोगों को मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप गिरफ्तार कर लिया। जब्त किये गये कोकीन की अनुमानित कीमत 1.17 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (76 लाख अमेरिकी डॉलर) है।

