भोपाल। प्रख्यात रंगमंच निर्देशक अशोक बुलानी को सुंदर अगनानी रंगकर्म सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। बुलानी ने हिंदी और सिंधी नाटकों के साथ फिल्म बवंडर,शूल बैंडिट क्वीन जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया है।
अखिल भारत सिंधी बोली साहित्य सभा के दो दशक अध्यक्ष रहे वरिष्ठ लेखक और रंगमंच अध्येता स्वर्गीय सुंदर अगनानी की आज जयंती है। उनका जन्म 1 अक्टूबर 1936 को हुआ था। वर्ष 2022 में उनका निधन हुआ। उनकी स्मृति में अगनानी परिवार ने राष्ट्रीय रंगमंच सम्मान स्थापित किया जिसमें सिंधी भाषा में नाटकों का श्रेष्ठ निर्देशन करने वाले प्रख्यात निर्देशक को सम्मानित किया जाता है। इस सम्मान से अब तक फिल्म और रंगमंच कलाकार श्रीचंद माखीजा मुंबई (नुक्कड़ फेम) ड्रामा डायरेक्टर जूली तेजवानी,मुंबई को सम्मानित किया जा चुका है। अशोक बुलानी को इस वर्ष सुंदर अगनानी स्मृति राष्ट्रीय सिंधी नाटक निर्देशक सम्मान के लिए चुना गया है। अगनानी परिवार की ओर से सेवानिवृत्त आय ए एस अधिकारी और वर्तमान में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से जुड़े डॉ मनोहर अगनानी ने बताया कि श्री अशोक बुलानी ने भारतीय स्टेट बैंक में राजभाषा अधिकारी और अन्य दायित्वों का निर्वहन किया। वे सिंधी और हिंदी रंगमंच से पांच दशक से जुड़े हैं। उनके रंग कर्म के प्रति समर्पण और सुदीर्घ अनुभव ,नाटकों के साथ फिल्म जगत को भी दिए गए महत्वपूर्ण योगदान से सभी परिचित हैं। आगामी 4 अक्टूबर को भारत भवन में अशोक बुलानी को दो दिवसीय राष्ट्रीय सिंधी नाटक समारोह के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
