कतर के प्रतिनिधिमंडल के साथ निवेश बढ़ाने पर चर्चा

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (वार्ता) भारत दौरे पर यहां आये कतर के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ गुरुवार को एक बैठक में द्विपक्षीय निवेश सहयोग मजबूत करने पर चर्चा हुई।

वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग (डीईए) द्वारा आयोजित बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और कतर के विदेश व्यापार मामलों के राज्य मंत्री अहमद बिन मोहम्मद अल सईद ने संयुक्त रूप से की।

दो दिन के दौरे पर भारत आये प्रतिनिधिमंडल में कतर के वाणिज्य एवं उद्योग, परिवहन, संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा नगर पालिका मंत्रालयों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ कतर निवेश प्राधिकरण (क्यूआईए), कतर एयरवेज, क्यूटर्मिनल्स, हसद फूड्स, कतर चैंबर ऑफ कॉमर्स और कतर बिजनेसमैन एसोसिएशन जैसी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल के दौरे का आज दूसरा दिन था।

बैठक में भारत में कतर के निवेश को बढ़ाने के अवसरों पर विशेष रूप से बुनियादी ढांचे, उन्नत विनिर्माण, परिवहन, लॉजिस्टिक्स, खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य, सेमीकंडक्टर और वित्त जैसे क्षेत्रों पर चर्चा हुई।

दोनों पक्षों ने फरवरी 2025 में कतर के अमीर की राजकीय यात्रा के दौरान भारत में 10 अरब डॉलर का निवेश करने और क्यूआईए का एक कार्यालय खोलने की कतर की प्रतिबद्धता को याद किया। उन्होंने प्रमुख क्षेत्रों और विशिष्ट परियोजनाओं तथा कंपनियों पर फोकस करते हुए क्यूआईए और अन्य कतरी संस्थाओं द्वारा निवेश के लिए भविष्य में भी चर्चा जारी रखने का निर्णय लिया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भारत के आर्थिक विकास और तकनीकी विकास को देखते हुये वे यहां निवेश के विभिन्न अवसर देखते हैं। क्यूआईए ने भारत में रिटेल, यूटिलिटी, मीडिया, आवास, स्वास्थ्य सेवा और रियल एस्टेट जैसे कई क्षेत्रों में निवेश किया है। कतर में भारतीय समुदाय ने भी कतर में, विशेष रूप से लघु एवं मध्यम उद्योग क्षेत्र में, निवेश किया है।

 

Next Post

अतिथि विद्वानों में एडी कार्यालय का किया घेराव

Thu Aug 28 , 2025
रीवा।रीवा और शहडोल संभाग के शासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत अतिथि विद्वानों ने आज रीवा स्थित क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक कार्यालय उच्च शिक्षा विभाग का घेराव किया. अतिथि विद्वानों ने आरोप लगाया कि अतिरिक्त संचालक उनके साथ पक्षपातपूर्ण और दुर्भावनापूर्ण व्यवहार कर रहे हैं, जो उनके हितों के खिलाफ है. अतिथि विद्वानों […]

You May Like