रायपुर, 29 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए की गई अभद्र टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री पर किया गया यह हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं बल्कि पूरे भारत की आत्मा और संस्कृति पर चोट है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन प्रत्येक भारतवासी के लिए प्रेरणा है। एक साधारण परिवार से निकलकर, मां के संघर्ष और संस्कारों से गढ़ा पुत्र आज राष्ट्र सेवा में पूरी निष्ठा से समर्पित है और विश्व पटल पर भारत का गौरव बढ़ा रहा है।
श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का अपमान वास्तव में 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार की जनता इस तरह की ओछी और नकारात्मक राजनीति को नकारेगी और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।
