पांच फ्रेंचाइजी ने देवांक दलाल और आशु मलिक समेत 10 खिलाड़ियों को किया रिटेन

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (वार्ता) कबड्डी चैंपियंस लीग (केसीएल) के सीजन-2 से पहले पांच फ्रेंचाइजी ने देवांक दलाल, आशु मलिक समेत 10 खिलाड़ियों को रिटेन किया है। लीग के आगामी सीजन के लिए अब सभी टीमों की नजरें 17 अक्टूबर, 2026 को होने वाली खिलाड़ी नीलामी पर हैं।

भिवानी बुल्स ने देवांक दलाल और सौरव संजय को रिटेन किया है, जबकि शुभग्रो हिसार हीरोज ने आशु मलिक को अपनी टीम में बरकरार रखा है। करनाल किंग्स ने अक्षत ढुल और हर्ष वेदपाल, पानीपत पैंथर्स ने नरेंद्र कंडोला और विशाल नरवाल, जबकि गुरुग्राम गुरूज ने राहुल सेतपाल, मंदीप कुमार और साहिल जगवीर को रिटेन किया है।

पिछले केसीएल सीजन में देवांक दलाल सबसे महंगे खिलाड़ी रहे थे। भिवानी बुल्स ने उन्हें 19.2 लाख रुपये की विजयी बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया था। उन्हें रिटेन किए जाने से आगामी सीजन के लिए फ्रेंचाइजी को अपनी टीम में निरंतरता बनाए रखने में मदद मिलेगी।

केसीएल के चेयरमैन बलवान सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों को रिटेन करने से टीमों को आगामी सीजन के लिए अपने मजबूत और संतुलित संयोजन तैयार करने में मदद मिलेगी। बलवान सिंह ने कहा, “सीजन-2 के लिए मजबूत, संतुलित और प्रतिस्पर्धी टीमें तैयार करने की दिशा में खिलाड़ियों को रिटेन करना एक महत्वपूर्ण कदम है। फ्रेंचाइजी द्वारा अपने खिलाड़ियों पर जताया गया भरोसा कबड्डी में निरंतरता और टीम संयोजन के महत्व को दर्शाता है।”
एक आयोजक ने कहा, “खिलाड़ियों को रिटेन करने की घोषणा सीजन-2 की तैयारियों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। 17 अक्टूबर को होने वाली नीलामी और 5 करोड़ रुपये के कुल खिलाड़ी बजट के साथ फ्रेंचाइजी अब आगामी सीजन के लिए संतुलित टीमें तैयार करने पर ध्यान देंगी।”

भिवानी बुल्स के साथ बने रहने पर देवांक दलाल ने कहा कि वह आगामी सीजन में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने पर ध्यान देंगे। देवांक दलाल ने कहा, “केसीएल सीजन-2 के लिए भिवानी बुल्स द्वारा रिटेन किया जाना मेरे लिए गर्व और प्रेरणा की बात है। मैं फ्रेंचाइजी द्वारा मुझ पर जताए गए भरोसे के लिए आभारी हूं। मैं कड़ी मेहनत जारी रखूंगा और टीम की सफलता में योगदान देने का प्रयास करूंगा।”
रिटेन किए गए खिलाड़ी पांचों फ्रेंचाइजी की टीमों का मुख्य आधार होंगे। टीमें 17 अक्टूबर को होने वाली नीलामी के जरिए बाकी खिलाड़ियों को शामिल कर अपने दल को अंतिम रूप देने और केसीएल सीजन-2 के लिए मजबूत संयोजन तैयार करने का प्रयास करेंगी।

.....

Next Post

भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने थामा कांग्रेस का हाथ, जीतू पटवारी ने किया स्वागत

Thu Oct 15 , 2026
भोपाल:भीम आर्मी के कई प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधायक आरिफ मसूद की मौजूदगी में नए सदस्यों का स्वागत किया गया। इस दौरान पटवारी ने कांग्रेस छोड़ चुके नेताओं और कार्यकर्ताओं की घर वापसी के लिए अभियान चलाने […]

You May Like

Play sound