शादी समारोह में जा रहे बाइक सवार दंपत्ति को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, पति की मौत, पत्नी ICU में

बैतूल। बैतूल जिले में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक किसान की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार टीका बर्री निवासी मदन उइके (45) सोमवार रात अपनी पत्नी सुनीता के साथ मोटरसाइकिल से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल बोरदही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बैतूल जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मदन उइके को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पत्नी सुनीता की हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार उनके सिर और कंधे में गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार मृतक खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी सहित पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्र में जांच और पूछताछ की जा रही है।

.....

Next Post

अपनापन के विमोचन में शामिल हुए सीएम डॉ यादव, शिवराज की पुस्तक में है पीएम मोदी के साथ अनुभवों का उल्लेख

Tue May 26 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक अपनापन : नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव के विमोचन समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में अनेक केंद्रीय मंत्री, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां मौजूद […]

You May Like