
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पुस्तक अपनापन : नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव के विमोचन समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में अनेक केंद्रीय मंत्री, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पुस्तक के प्रकाशन पर शिवराज सिंह चौहान को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पुस्तक केवल राजनीतिक संस्मरण नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, कार्यशैली और उनके साथ जुड़े आत्मीय अनुभवों का जीवंत दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान ने लंबे सार्वजनिक जीवन में संगठन और शासन दोनों स्तरों पर जो अनुभव प्राप्त किए हैं, उनका प्रतिबिंब इस पुस्तक में देखने को मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। ऐसे में उनके साथ कार्य करने वाले नेताओं के अनुभव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे। पुस्तक अपनापन : नरेंद्र मोदी संग मेरे अनुभव में शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने राजनीतिक, संगठनात्मक और व्यक्तिगत अनुभवों को साझा किया है। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने पुस्तक को प्रेरणादायी और समकालीन राजनीति को समझने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।
