भोपाल। विजयादशमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सत्य और न्याय की विजय का प्रतीक है, जो हमें जीवन में बुराइयों को दूर कर अच्छाइयों को अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेश में शांति, सौहार्द्र और समृद्धि की कामना की।
इसी दिन मुख्यमंत्री निवास पर खेल उपलब्धियों का सम्मान भी हुआ। शहडोल जिले के विचारपुर (मिनी ब्राजील) के पांच फुटबॉल खिलाड़ी अपनी प्रशिक्षक के साथ जर्मनी में एफसी इंगोलस्टाड्ट 04 क्लब में प्रशिक्षण के लिए रवाना हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें फुटबॉल किट भेंट कर शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह देश-प्रदेश के लिए कुछ कर दिखाने का अवसर है।
वहीं, कजाकिस्तान में संपन्न 16वीं एशियन शूटिंग चैम्पियनशिप में 17 पदक जीतकर लौटे 9 खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की। मुख्यमंत्री ने सभी को बधाई दी और 10.81 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया।
किसानों के हित में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में रबी फसलों की एमएसपी में वृद्धि के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गेहूं, जौ, चना, मसूर, सरसों और कुसुम की बढ़ी हुई एमएसपी से अन्नदाताओं को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही, दलहन आत्मनिर्भरता मिशन से दाल उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को व्यापक लाभ मिलेगा।
