छतरपुर। उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा पर स्थित लुहारी टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर भाजपा नेता संजू बरसैया और टोल कर्मचारियों के बीच विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि बरसैया एक वाहन से लौट रहे थे। टोल प्लाजा पर कर्मचारियों ने निर्धारित नियमों के तहत टोल शुल्क जमा करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में तीखी बहस में बदल गई। वीडियो में कुछ लोग टोल कर्मियों से बहस करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मौके पर भाजपा नेता अप्पू राजा सोनी सहित अन्य लोग भी मौजूद बताए जा रहे हैं। टोल कर्मचारियों का कहना था कि नियमों के अनुसार शुल्क जमा किए बिना किसी भी वाहन को आगे नहीं जाने दिया जा सकता। इसी बात को लेकर कुछ समय तक विवाद की स्थिति बनी रही।
इस मामले में संजू बरसैया ने कहा कि वीडियो करीब 15 दिन पुराना है। उनके अनुसार, पहले उसी वाहन से बिना टोल शुल्क के आवागमन हुआ था, जबकि लौटते समय शुल्क मांगा गया। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और गुस्से में बहस हो गई।
