खजुराहो। पर्यटन नगरी खजुराहो की हवाई कनेक्टिविटी को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। वर्तमान में इंडिगो द्वारा दिल्ली–खजुराहो–वाराणसी (बनारस)–खजुराहो–दिल्ली सेक्टर पर नियमित उड़ान सेवाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन यह सेवा 28 मार्च तक ही जारी रहेगी। 29 मार्च से 20 अप्रैल तक खजुराहो से यह उड़ान सेवा अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
हालांकि, गर्मियों को ध्यान में रखते हुए इंडिगो ने 21 अप्रैल से 30 जून तक विशेष शेड्यूल जारी किया है। इस अवधि में 180 सीटर एयरबस विमान सप्ताह में तीन दिन—सोमवार, मंगलवार और शनिवार—दोपहर 12:15 बजे खजुराहो पहुंचेगा और 12:45 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगा। यह सेवा सीधे खजुराहो–दिल्ली–खजुराहो रूट पर संचालित होगी, जिससे पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को राहत मिलेगी।
खजुराहो एयरपोर्ट निदेशक संतोष सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी अक्टूबर माह से इंडिगो की उड़ानें पूर्व की तरह प्रतिदिन संचालित किए जाने की संभावना है। वहीं विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि 30 जून के बाद जुलाई, अगस्त और सितंबर में भी हवाई सेवाएं जारी रहें। इसके लिए वे दिल्ली में उड्डयन मंत्री से मुलाकात कर खजुराहो की कनेक्टिविटी को और मजबूत बनाने का प्रयास करेंगे।
अक्टूबर से पुनः दैनिक सेवा शुरू होने की संभावना
पर्यटन की दृष्टि से यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि बेहतर हवाई संपर्क से खजुराहो में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
