मुंबई, 15 जुलाई (वार्ता) मानसून के सुहाने मौसम के बीच सोनी सब के कलाकारों ने अपने पसंदीदा बरसाती व्यंजनों और उनसे जुड़ी यादों को साझा किया है। कलाकारों ने बताया कि बारिश के मौसम में चाय, पकौड़े, भुट्टा और अन्य पारंपरिक व्यंजन उनकी पहली पसंद होते हैं। सोनी सब के शो ‘हस्तिनापुर के वीर’ में द्रोणाचार्य की भूमिका निभा रहे जितेन लालवानी ने कहा कि उन्हें मानसून में नींबू और मसाले के साथ भुना हुआ भुट्टा खाना बेहद पसंद है। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश में ताजा भुना हुआ मकई खाना मानसून का सबसे बड़ा आनंद है।
शो में भीष्म पितामह की भूमिका निभा रहे मनीष वाधवा ने कहा कि उन्हें अपने बच्चों के साथ नूडल्स और हॉट चॉकलेट का स्वाद लेना अच्छा लगता है। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ बैठकर बारिश की आवाज सुनते हुए भोजन करना विशेष सुकून देता है। ‘यादें’ में शनाया का किरदार निभा रहीं मुस्कान बामने ने बताया कि उनके लिए मानसून गरम चाय और गरम पकौड़ों के बिना अधूरा है। उन्होंने कहा कि बारिश शुरू होते ही उन्हें इस पसंदीदा संयोजन की तलब लगने लगती है और परिवार के साथ बैठकर इसका आनंद लेना उन्हें बेहद पसंद है।
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में डॉ. सृष्टि की भूमिका निभा रहीं गुलकी जोशी ने कहा कि उन्हें मानसून में खास तौर पर कांदा भजिया और चाय पसंद है। उन्होंने कहा कि हल्की बारिश के बीच इनका स्वाद उन्हें तुरंत खुशी से भर देता है। सोनी सब के कलाकारों ने कहा कि मानसून केवल मौसम नहीं, बल्कि स्वाद, परिवार और यादों का भी उत्सव है, जो हर वर्ष नई खुशियां लेकर आता है।

