भोपाल: प्रदेश कांग्रेस द्वारा पेपर लीक, बढ़ती बेरोज़गारी और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में निकाली जा रही ‘युवा स्वाभिमान Gen G साइक्लोथॉन’ बुधवार को भोपाल पहुंचेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में आयोजित यह अभियान इंदौर से शुरू होकर राजधानी में प्रवेश करेगा।यात्रा चिरायु मेडिकल कॉलेज से बैरागढ़ और लालघाटी होते हुए दोपहर करीब चार बजे एलबीएस हॉस्पिटल रोड स्थित ताजुल मस्जिद के सामने रॉयल मार्केट तिराहे पर आयोजित सभा स्थल पहुंचेगी। यहां सभा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेंगे।
कांग्रेस ने दावा किया है कि साइक्लोथॉन का उद्देश्य युवाओं की शिक्षा, रोजगार और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है। पार्टी ने प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, विभिन्न मोर्चा संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों तथा ब्लॉक, मंडलम और वार्ड स्तर के पदाधिकारियों सहित सभी कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में सभा स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
