ग्वालियर: ग्वालियर में बाइक सवार दो नाबालिग किशोरों की बाइक डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में घायल दोनों किशोर खून से लथपथ सड़क पर तड़पते रहे, लेकिन लोग उनकी मदद करने के बजाय अपने मोबाइल से उनका वीडियो बनाते रहे. आखिकार एक किशोर की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई हैं. घटना हजीरा थाना इलाके के सिमको चौराहे की है. हजीरा-सुभाष नगर का 17 साल का कृष्णा कुशवाह अपने दोस्त मान सिंह के साथ गोले का मंदिर जा रहा था, तभी अचानक सिमको तिराहे पर बाइक अनबैलेंस होकर डिवाइडर से टकरा गई.
इस हादसे में दोनों किशोर गंभीर रूप घायल हो गए थे. वे खून से लथपथ वही सड़क पर गिरकर तड़पने लगे. वहां से निकल रहे लोगों ने उनकी मदद करने की जगह उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया और एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया था. हालांकि, इसी बीच वहां से गुजरने वाले दो छात्र दोनों घायल किशोरों को अपनी गाड़ी में बैठ कर हजीरा सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन घायलों को जयारोग अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में रैफर कर दिया, लेकिन ट्रॉमा सेंटर तक पहुचने से पहले ही घायल कृष्ण ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. वहीं, मानसिंह की हालत गंभीर बनी हुई है.
