स्कूल के बाहर जलभराव से बढ़ा खतरा, पानी के बीच से गुजरने को मजबूर मासूम

सिंगरौली: संकुल केंद्र गन्नई अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला पुरैल में अव्यवस्था का गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल के बाहर और आसपास हुए भारी जलभराव के कारण छात्र-छात्राओं को जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। सामने आए वीडियो और तस्वीरों में विद्यालय के प्रवेश मार्ग पर लबालब पानी भरा दिखाई दे रहा है, जिससे छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार स्कूल के समीप जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से लंबे समय तक पानी लगातार बहता रहा। बताया जा रहा है कि पाइपलाइन एलएंडटी कंपनी की पेयजल परियोजना से जुड़ी है। समय पर पानी की आपूर्ति बंद नहीं किए जाने के कारण पूरे क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बन गई। इससे न केवल पेयजल की बर्बादी हुई, बल्कि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया।

विद्यालय के सामने जमा पानी के कारण बच्चों को मजबूरी में उसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है। पानी के नीचे सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देने से फिसलने या गड्ढे में पैर पड़ने जैसी आशंकाएं बनी हुई हैं। अभिभावकों का कहना है कि किसी अप्रिय घटना से पहले समस्या का समाधान किया जाना चाहिए।ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित एजेंसी से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत, जलापूर्ति नियंत्रित करने तथा स्कूल परिसर के बाहर जमा पानी की शीघ्र निकासी की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों के सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह केवल जलभराव का मामला नहीं, बल्कि मासूम विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित कंपनी इस समस्या पर कितनी तेजी से कार्रवाई कर बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करा पाते हैं।

Next Post

डबरा देहात: शिवानी रजक की गुमशुदगी मामले में अपराध दर्ज

Sat Aug 1 , 2026
डबरा देहात: ग्राम सिरोही निवासी शिवानी रजक के लापता होने के मामले में डबरा देहात थाना पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 27/26 की जांच के बाद अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप मामला दर्ज […]

You May Like