इंदौर:शहर के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल परिसर में शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बदमाशों ने दिनदहाड़े एक मरीज के अटेंडर पर चाकू से हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर कार में तोड़फोड़ करते हुए मौके से भाग निकले. अचानक हुई घटना से पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि बदमाशों ने अटेंडर को निशाना बनाने के साथ उसकी कार के शीशे भी चकनाचूर कर दिए.
तेज आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आरोपी फरार हो गए. घटना के वक्त अस्पताल में पांच से छह सुरक्षा गार्ड तैनात थे, लेकिन वे भी हमलावरों को रोकने में नाकाम रहे. हमले में घायल अटेंडर को तुरंत अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस को घटना की जानकारी दी गई है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमले के पीछे कौन था और इसकी वजह क्या थी
