हत्या या हादसा: छानबीन में जुटी पुलिस
जबलपुर: कुंडम थाना क्षेत्र में घर के पीछे तालाब में नहाने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई। युवक की हत्या की गई है या वह किसी हादसे का शिकार हुआ है इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की छानबीन कर रही है। टीआई अनूप कुमार नामदेव ने बताया कि पडरिया निवासी धमेन्द्र उइके पिता विनोद उइके 34 वर्षीय का सोमवार सुबह नौ बजे घर के पीछे नहाने के लिए तालाब गया हुआ था। नहाते समय अचानक गिर गया और मौत हो गई। युवक गिरा कैसे इसकी विस्तृत जांच जारी है। साथ ही परिजनों, ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे है।
गहराई के साथ पानी है कम
तालाब की गहराई के साथ पानी भी कम है जिसके चलते पूरा मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्यवाही होगी।
सदमे में पत्नी, दो बच्चों के सिर से उठा हाथ
हादसे से मृतक की पत्नी सदमे में है। दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है। घर में मातम पसरा हुआ है
