
ग्वालियर। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की ‘द्वितीय परीक्षा’ या पूरक परीक्षा कल गुरुवार 7 मई से शुरु होने जा रही है। कक्षा 10वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षाएं 7 से 19 मई तक और 12वीं की परीक्षाएं 7 से 25 मई तक आयोजित की जाएंगी। मण्डल ने प्रवेश-पत्र पोर्टल पर अपलोड कर दिए हैं। सभी विषयों की परीक्षा केवल एक ही शिफ्ट में आयोजित की जाएगी । परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 8:30 बजे तक रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा। परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रदेश भर में कुल 624 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रश्नपत्रों को पुलिस थानों में सुरक्षित रखा जाएगा । केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर प्रतिनिधि की निगरानी में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। ऑनलाइन एप के माध्यम से परीक्षा की निगरानी की जाएगी।
