
दतिया। भाण्डेर थाना अंतर्गत ग्राम माधौपुरा में एक विवाहिता की आग से जलकर मौत हो गई। मायके पक्ष के आरोप पर पुलिस ने पति के खिलाफ प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। गणेश शंकर यादव निवासी कमलपुर (कानपुर देहात) को उसके बहनोई आशीष यादव का फोन आया था कि उसकी बहन रेखा यादव ने आग लगा ली है। सूचना मिलते ही गणेश शंकर अपने पिता समर सिंह, मां रानी देवी और पत्नी के साथ गांव माधौपुरा पहुंचा। जहां आंगन में रेखा का जला हुआ शव पड़ा मिला। परिजन शव को भाण्डेर लाकर पोस्टमार्टम के लिए रखवाने के बाद थाने पहुंचे। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि रेखा का पति आशीष यादव आए दिन शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। रेखा ने कई बार इसकी शिकायत अपने परिवार से भी की थी। वहीं ससुराल पक्ष ने महिला को मानसिक रूप से कमजोर बताते हुए आत्महत्या की बात कही है।
