पुरुषों की हीरो एचआईएल लीग शनिवार से चेन्नई में होगी शुरू

चेन्नई, 02 जनवरी (वार्ता) मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में शनिवार से शुरु हो रही पुरुष हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के दूसरे संस्करण के पहले मैच में मेजबान अकॉर्ड तमिलनाडु ड्रैगन्स का मुकाबला हैदराबाद तूफान से होगा।

श्राची बंगाल टाइगर्स डिफेंडिंग चैंपियन हैं। वहीं हैदराबाद तूफान पिछले संस्करण की उपविजेता रही है। यह चैंपियनशिप कई शहरों में होगी, जिसकी शुरुआत चेन्नई से होगी, फिर यह रांची जाएगी और 26 जनवरी को भुवनेश्वर में फाइनल के साथ खत्म होगी।

जहां तूफान इस सीजन में अपनी किस्मत बदलने का प्रयास करेगा, वहीं तमिलनाडु ड्रैगन्स पिछले सीजन में जेएसडब्लयू सूरमा हॉकी क्लब से 2-3 से हारने और तीसरे स्थान से चूकने के बाद इस बार अच्छी शुरुआत करने का प्रयास करेगा।

इस सीजन में एकमात्र राउंड-रॉबिन चरण होगा, जिसमें शीर्ष चार टीमें नॉकआउट चरण में प्रवेश करेगी। पिछले सीजन के उलट, इसमें पहले फेज के लिए टीमों को चार-चार टीमों के दो ग्रुप में बांटा गया था। प्लेऑफ में, शीर्ष दो टीमें क्वालिफायर 1 में एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी, जिसमें जीतने वाली टीम फाइनल में जाएगी और हारने वाली टीम क्वालिफायर 2 में जाएगी। क्वालिफायर 2 की दूसरी टीम का फैसला एलिमिनेटर 1 के विजेता से होगा, जो लीग टेबल में तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीम के बीच होगा।

पुरुष एचआईएल में शामिल आठ टीमों में डिफेंडिंग चैंपियन श्राची बंगाल टाइगर्स, हैदराबाद तूफान, जेएसडब्ल्यू सूरमा हॉकी क्लब, एसजी पाइपर्स, अकॉर्ड तमिलनाडु ड्रैगन्स, वेदांता कलिंगा लांसर्स, रांची रॉयल्स और एचआईएल जीसी शामिल हैं जिसने यूपी रुद्रस की जगह ली है।

इस सीजन में देखने लायक कुछ शीर्ष भारतीय खिलाड़ियों में जेएसडब्लयू सूरमा हॉकी क्लब के लिए भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह, एचआईएल जीसी के लिए हार्दिक सिंह, रांची रॉयल्स के लिए मनप्रीत सिंह और रूपिंदर पाल सिंह शामिल हैं जो एसजी पाइपर्स के साथ प्रतिस्पर्धी हॉकी में वापसी कर रहे हैं, साथ ही कई अन्य सीनियर स्टार भी हैं, जबकि जूनियर वर्ल्ड कप ब्रॉन्ज विजेता भी देखने लायक होंगे, जिसमें इंडिया कोल्ट्स के कप्तान रोहित और दिलराज सिंह एसजी पाइपर्स के लिए, आमिर अली और मनमीत रांची रॉयल्स के लिए, सुनील पीआर वेदांता कलिंगा लांसर्स के लिए और प्रिंस दीप सिंह अकॉर्ड तमिलनाडु ड्रैगन्स के लिए खेलेंगे।

जिन विदेशी खिलाड़ियों पर नजर रहेगी, उनमें रांची रॉयल्स के टॉम बून, श्राची बंगाल टाइगर्स के क्रिस्टोफर रूर, सूरमा के विंसेंट वनाश और विक्टर वेग्नेज, वेदांता कलिंगा लांसर्स के आर्थर वैन डोरेन और अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स और एचआईएल जीसी के सैम वार्ड शामिल हैं।

 

Next Post

सेंसेक्स हुआ 40 साल का, साल-दर-साल दिया औसतन 13 प्रतिशत लाभ

Fri Jan 2 , 2026
मुंबई, 02 जनवरी (वार्ता) एशिया के सबसे पुराने शेयर बाजार बीएसई के मुख्य सूचकांक सेंसेक्स ने शुक्रवार को 40 साल पूरे किये और इन चार दशकों में सेंसेक्स में निवेश पर औसतन साल दर साल 13 प्रतिशत का लाभ हुआ है। इस उपलक्ष्य में बीएसई में एक समारोह का आयोजन […]

You May Like