घर के बरामदे में बुजुर्ग का शव संदिग्ध स्थिति में मिला,हत्या की आशंका

रतलाम/नामली। जिले के नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिखेड़ी में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह नई आबादी क्षेत्र में स्थित उनके घर के बरामदे में शव मिलने से हडक़ंप मच गया। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान गणपत के रूप में हुई है, जिनकी उम्र करीब 65 से 70 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलते ही रतलाम से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश खाखा, ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल और नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर शव को सुबह करीब 11:15 बजे पोस्टमार्टम के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि शनिवार रात मृतक का परिवार के ही किसी सदस्य से विवाद हुआ था, हालांकि विवाद के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

 

सिर पर चोंट के निशान

 

बुजुर्ग के सिर पर चोंट के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उन पर किसी ने हमला किया, और उसी के चलते उनकी मौत हुई। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Next Post

गीता प्रवचन का समापन: गीता ज्ञान-सर्व समस्याओं का समाधान

Sun Jan 11 , 2026
ब्यावरा। ग्राम बाईहेड़ा में सप्त दिवसीय गीता प्रवचन का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ. बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिकों ने शामिल होकर प्रवचन का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया. जीवन से बुराइयों, व्यसनों को त्याग कर सन्मार्ग पर चलने का संकल्प लिया. प्रवचनकर्ता ब्रह्माकुमारी सुरेखा दीदी ने कहा कि […]

You May Like